Friday, 17 January 2020

बेटी


मेरे जीवन में,
ले कर
ढेरों रौनक
तू आई,

तुझसे थी घर में
हर खुशी समाई  ।

फिर,
तेरे घर से स्कूल
और
स्कूल से कॉलेज
जाने का
सिलसिला चला ।

समय कब-कहाँ भागा
पता ही नहीं लगा ।

हर जगह बढ़ाया तूने
हमारा मान,
तू बनी
हमारा अभिमान ।

जल्दी ही,
तेरी शादी का
वह दिन भी आया
था जिसमें
ढेरों उल्लास समाया ।

चमकती-दमकती
एक अनमोल रात
धूमधाम से
आ गई बारात ।

जयमाल-फेरों में बीती
सारी रात
और आया
विदा का प्रभात ।

डरता था
इसी वेला से
मैं सदा
क्योंकि
करना था
दिल के टुकड़े को
ख़ुद से जुदा ।

लाल-जोड़े में लिपटी
जब तू
सामने आई थी,
तुझे विदा करने में
आँखों ने
निर्झरी बहाई थी ।

बह रहा था
उस अश्रु-धारा में
एक पिता का
नेह-आशीष-प्यार,
लगा  जैसे
लुट रहा हो
मेरा संसार ।

दूसरे दिन,
जब
हँसती-खिलखिलाती
तू आई थी,
हँसी-ठिठोली के बीच
आँखें फिर भर आई थीं ।

बेटी, कितना है
तेरा अहसान,
कि पा गया हूँ
दामाद के रूप में
एक और संतान ।

अब तेरी खुशियों पर है
सब कुछ वारी ।

तुझसे ही है रोशन
दुनिया हमारी ।

बस,
दिये हुए संस्कार
कभी न भूलना,
दोनो कुलों को
प्यार से जोड़ना ॥
________________

2 comments:

  1. This comment has been removed by the author.

    ReplyDelete
  2. This poem expresses genuine love and affectionate feelings of a father for his daughter.

    ReplyDelete

64. दिन और रात

    दिन और रात का एक अजब सा नाता है एक न हो तभी दूसरा आता है   ।   जब आती है रात तो दिन छिप जाता ...